निर्भया जैसी दरिंदगी पर गुस्से में दिल्ली, 8 साल की बच्ची की हालत नाजुक
नई दिल्ली राजधानी में 8 साल की मासूम के साथ निर्भया जैसी दरिंदगी करने वाले को पुलिस ने भले ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया हो, लेकिन इस वहशियाना हरकत के खिलाफ लोगों का गुस्सा फट पड़ा है। द्वारका इलाके में मंगलवार दोपहर हुई इस वारदात के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया और सख्त सजा की मांग की। मंगलवार को बच्ची स्कूल से लौटने के बाद अपने दोस्तों के साथ खेल रही थी। उसी वक्त आरोपी फ्रूटी दिलाने के बहाने उसे ले गया और डेढ़ किमी दूर सड़क किनारे अंडरपास के नजदीक झाड़ियों में दरिंदगी के बाद तड़पता छोड़ भाग आया। बिलखती बच्ची घिसटकर सड़क तक पहुंची तो वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति की नजर पड़ी। उसने पुलिस को बुलाया। अस्पताल में भर्ती बच्ची की हालत खराब है। पुलिस ने 24 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सीसीटीवी में वह बच्ची को ले जाता दिख रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बच्ची को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती रखा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत नाजुक है। बच्ची की मां घरों में साफ-सफाई का काम करती हैं। पिता बेलदारी करते हैं। जिसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया, उसका चेहरा सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर नजर आ रहा है। उसी फुटेज के सहारे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी यूपी के बुलंदशहर का रहने वाला है। उम्र 24 साल है। तीन महीने पहले ही बुलंदशहर से दिल्ली आया था। पुलिस के अनुसार आरोपी कोई खास काम धंधा नहीं करता था। घटना 2 जुलाई की दोपहर हुई। पुलिस को दोपहर करीब 1:30 बजे कॉल मिली। बच्ची को पहले गांव वालों ने देखा। पुलिस को सूचना दी। पुलिस और गांव के लोगों ने मिलकर पहले उसके पैरंट्स के बारे में पता लगाया। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत ज्यादा खराब होने पर सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया।
from Metro City news in Hindi, Metro City Headlines, मेट्रो सिटी न्यूज https://ift.tt/2FW29IS
No comments